Punjab Kesari MP ads

Rahul Gandhi ने मोहन यादव को लिखा पत्र, 27 प्रतिशत OBC आरक्षण लागू करने की मांग उठाई

Wednesday, Sep 23, 2026-08:10 PM (IST)

नई दिल्ली/भोपाल : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू कर लंबित नियुक्तियों का रास्ता साफ किया जाए। राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान छात्रों और अभ्यर्थियों द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने 22 सितंबर को लिखे पत्र में कहा कि इंदौर के कार्यक्रम में छात्रों ने शिक्षा, रोजगार और भर्ती से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ ओबीसी आरक्षण के तहत लंबे समय से लंबित नियुक्तियों का मामला प्रमुखता से उठाया था।

उनके मुताबिक, अभ्यर्थियों ने कहा कि 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण से जुड़े मामले के कारण 87 अनुपात 13 व्यवस्था के तहत 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां रोक दी गई हैं। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विभिन्न दलों ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का समर्थन किया है, लेकिन इसके क्रियान्वयन और लंबित नियुक्तियों का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। इसके चलते प्रभावित अभ्यर्थी नियुक्तियों की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने तथा लंबित नियुक्तियों के संबंध में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News