Punjab Kesari MP ads

Rahul Gandhi के साथ PM मोदी की मिमिक्री कर उड़ाया मजाक, अब शो रद्द होने के बाद ‘अंडरग्राउंड’ होने की तैयारी में पुलकित मणि

Sunday, Sep 20, 2026-05:01 PM (IST)

इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर सुर्खियों में आए स्टैंडअप कॉमेडियन पुलकित मणि को लेकर नया अपडेट सामने आया है। नोएडा में होने वाला उनका आगामी कॉमेडी शो रद्द कर दिया गया है। शो कैंसिल होने की जानकारी खुद पुलकित मणि ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की है। उन्होंने कार्यक्रम रद्द होने के पीछे कुछ “अनपेक्षित परिस्थितियों” का जिक्र करते हुए दर्शकों से माफी मांगी और अब तक मिले समर्थन के लिए धन्यवाद भी दिया।

पुलकित मणि का शो ऐसे वक्त रद्द हुआ है, जब उनका नाम इंदौर में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के बाद राजनीतिक चर्चा में बना हुआ है। 19 सितंबर को हुए इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पुलकित मणि भी मंच पर दिखाई दिए थे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोलने की शैली और हाव-भाव की मिमिक्री करते हुए राजनीतिक व्यंग्य प्रस्तुत किया था।

PunjabKesari

मिमिक्री के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद

इंदौर के कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आने के बाद पुलकित मणि की प्रस्तुति को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। बीजेपी से जुड़े नेताओं और समर्थकों के एक वर्ग ने प्रधानमंत्री की मिमिक्री को लेकर आपत्ति जताई, जबकि कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से इसे युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित कार्यक्रम के तौर पर प्रस्तुत किया गया था। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और देश की संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया था। इसी दौरान पुलकित मणि की राजनीतिक मिमिक्री भी चर्चा का हिस्सा बन गई।

नोएडा शो रद्द होने की जानकारी खुद दी

विवाद के बीच नोएडा में प्रस्तावित शो के रद्द होने की खबर सामने आई। पुलकित मणि ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दर्शकों को कार्यक्रम रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने इसके लिए माफी मांगते हुए कहा कि शो कुछ अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण नहीं हो पाएगा। साथ ही उन्होंने अपने दर्शकों के समर्थन और समझ के लिए आभार जताया।

इसके बाद कॉमेडियन की ओर से किया गया एक और पोस्ट भी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। इसमें उन्होंने बेहद संक्षिप्त और रहस्यमय अंदाज में लिखा कि अब “अंडरग्राउंड होने का समय” है। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके इस बयान को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

PunjabKesari

राजनीतिक व्यंग्य और मिमिक्री के लिए पहचाने जाते हैं पुलकित

पुलकित मणि स्टैंडअप कॉमेडी में समसामयिक घटनाओं, राजनीति और चर्चित सार्वजनिक चेहरों पर व्यंग्य करने के लिए जाने जाते हैं। वह अलग-अलग सार्वजनिक हस्तियों की आवाज, बोलने के अंदाज और हाव-भाव की मिमिक्री करते हुए कंटेंट पेश करते रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री भी उनके चर्चित परफॉर्मेंस का हिस्सा रही है।

फिलहाल नोएडा शो के रद्द होने और उनके “अंडरग्राउंड” वाले पोस्ट ने एक बार फिर पुलकित मणि को सोशल मीडिया की चर्चा में ला दिया है। हालांकि, शो रद्द होने की परिस्थितियों को लेकर उनकी पोस्ट में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News