Valentine Day पर अगर कपल्स को हुई परेशानी, तो पुलिस लेगी तगड़ा एक्शन, शहर के कोने-कोने पर तैनात हुए जवान
Saturday, Feb 14, 2026-02:30 PM (IST)
रायपुर: वैलेंटाइन डे के मद्देनजर रायपुर कमिश्नरेट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और मॉल में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अवांछित घटना को रोका जा सके। पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी।

रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने निर्देश दिए हैं कि कानून को हाथ में लेने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि युवक-युवतियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पिछले वर्ष 24 दिसंबर को क्रिसमस के दौरान मैगनेटो मॉल में हुए उत्पात को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
शहर के प्रमुख स्थानों जैसे ऊर्जा पार्क, जोरा मॉल, सिटी सेंटर मॉल, गांधी उद्यान, मोतीबाग गार्डन, राम मंदिर समेत दर्जनभर से अधिक संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि असामाजिक तत्वों, मनचलों और हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही किसी संगठन या समूह द्वारा यदि किसी भी कपल को बेवजह परेशान किया गया, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

