रायपुर में कांग्रेस की बड़ी बैठक: सचिन पायलट का फोकस, महिला आरक्षण पर BJP को घेरने की रणनीति
Friday, May 01, 2026-08:17 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): रायपुर में कांग्रेस ने संगठन और सियासत को लेकर बड़ा मंथन किया। कांग्रेस महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने राजीव भवन में एक के बाद एक तीन अहम बैठकें लीं। इनमें विधायक दल, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष शामिल रहे।

बैठक में संगठन विस्तार, बूथ और ग्राम स्तर तक कमेटियों के गठन और भाजपा सरकार के खिलाफ रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। खास तौर पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरने के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाने का फैसला लिया गया। सचिन पायलट ने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 में पारित हो चुका है, लेकिन इसे लागू करने में देरी हो रही है। कांग्रेस अब इस मुद्दे पर जनता के बीच जाकर भाजपा के ‘भ्रम और दुष्प्रचार’ को उजागर करेगी।

बैठक में दीपक बैज, चरणदास महंत, टी.एस. सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि आने वाले समय में पार्टी वार्ड से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यक्रम चलाकर महिला आरक्षण के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी।

