18 माह की बच्ची की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, अवैध संबंध बने मौत की वजह, खेत में इस हाल में मिली लाश

Monday, Mar 02, 2026-04:45 PM (IST)

सिंगरौली (अंबुज तिवारी) : मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में मासूम बच्ची की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी को आरोपी महिला ने बच्ची को घर में अकेला पाकर उसका गला घोंट दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शव को गेहूं के खेत में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।

शक बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के पति के एक अन्य महिला से अवैध संबंध थे। आरोपी महिला को शक था कि मृत बच्ची उसके पति की संतान है। इसी शक ने उसे इतना आक्रोशित कर दिया कि उसने मासूम की जान ले ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

PunjabKesari

ऐसे खुला मामला

घटना के बाद बच्ची के परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया, जिसके दौरान गेहूं के खेत से बच्ची का शव बरामद हुआ। वहीं परिजनों की शिकायत पर बच्ची का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए कब्र से खोदकर शव को निकाला गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला तक पहुंची। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

समाज को झकझोर देने वाली वारदात

यह घटना न केवल सिंगरौली बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक मासूम बच्ची की हत्या ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News