MP में भीषण गर्मी का कहर! इंदौर समेत इन जिलों में छुट्टियों का ऐलान, आदेश जारी
Saturday, Apr 25, 2026-07:30 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तापमान इतना कि मानों आसमान से आग बरस रही हो, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह से ही लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। इसी बीच स्कूल जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर और ग्वालियर में स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश घोषित किया गया है। मौसम विभाग के अलर्ट के बीच प्रशासन ने यह अहम निर्णय लिया है।

इन जिलों में पहले ही हो चुकी है छुट्टियों की घोषणा
जानकारी के अनुसार, इससे पहले राज्य के कई जिलों में अवकाश घोषित किया जा चुका है। जिसके तहत जबलपुर, दमोह, रतलाम जिलों में कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक 30 अप्रैल तक स्कूल बंद रहेंगे। सागर जिले की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्री-प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक के लिए 23 से 30 अप्रैल 2026 तक का स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले की समस्त शैक्षणिक संस्थाओं में कक्षा नर्सरी से 8वीं तक की समस्त कक्षाओं के लिए आगामी आदेश दिए हैं। वहीं, पन्ना जिले में भी स्कूलों में 6वीं से 8वीं कक्षा के बच्चों को 30 अप्रैल तक छुट्टी रहेगी। यहां नर्सरी से 5वीं तक छोटे बच्चों को पहले ही छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसके साथ ही सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल और हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने भी कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के छात्रों के लिए 30 अप्रैल तक छुट्टी घोषित कर दी है। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं का समय सुबह 7:30 से 12:00 बजे तक का किया गया है। इसके अलावा जिन स्कूलों में छुट्टियां अभी होनी है, शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों को निर्देश दिया है कि आउटडोर असेंबली को सीमित एवं छायादार स्थानों पर कराया जाए।
आसमान से बरस रही आग, इन जिलों में अलर्ट जारी
राज्यभर में इन दिनों गर्मी के तल्ख़ तेवर तेवर देखने को मिल रहे है, प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाला इंदौर शहर भी गर्मी से नहीं बचा है यहां भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सैल्सियस के करीब पहुंच चुका है। इसके अलावा रात का तापमान भी 30 डिग्री सैल्सियस चल रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा अब लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। विभाग ने आम लोगों को सलाह दी है कि दोपहर में 12 बजे के बाद अगर जरुरी हो तभी घर के बाहर निकले। अगर घर के बाहर निकले तो डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पानी अधिक पिए। इसके अलावा ठंडी चीजों का सेवन ज्यादा करें और सिर को ढक कर रखें। डाक्टरों ने साफ किया है कि लू की वजह से गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि इस बार गर्मी अपने सभी रिकॉर्ड को तोड़ देगी, हालांकि इस बार बारिश भी औसत के करीब ही होने की संभावना जताई है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने राज्य के ग्वालियर, उज्जैन, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, उमरिया, मंडला, बालाघाट, मंदसौर, रतलाम, धार, झाबुआ और आलीराजपुर सहित कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। दोपहर के समय लोगों को घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।


