खाकी का खौफ! 18 लाख का डोडाचूरा और बाइक छोड़कर खेतों में भागा तस्कर
Friday, Apr 24, 2026-04:30 PM (IST)
जावद (सिराज खान): प्रदेश में चल रहे नशाविरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की सख्ती देखकर एक तस्कर 120 किलो अवैध डोडाचूरा और बाइक मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी अंकित जायसवाल के निर्देशन और एएसपी नवलसिंह सिसोदिया व एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में सिंगोली थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा की टीम रूघनाथपुरा फंटे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से एक युवक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर पीछे भारी कट्टे लादकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही तस्कर करीब 100 फीट पहले ही घबरा गया और बाइक को सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग की, लेकिन आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से बाइक पर बंधे कट्टों की तलाशी ली, जिसमें से 120 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 18 लाख रुपए आंकी गई है, जबकि बाइक की कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

