‘’कौन माई का लाल है जो पैसे नहीं खाता’’ निलंबित उपयंत्री ने लगाए कमीशनखोरी के आरोप, वीडियो वायरल
Friday, Jul 10, 2026-03:59 PM (IST)
सतना : मध्यप्रदेश के सतना जिले की मझगवां जनपद पंचायत के निलंबित संविदा उपयंत्री सतीश समेले ने पंचायत विभाग में कथित कमीशनखोरी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके बयान के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में समेले ने दावा किया है कि पंचायत विभाग में विभिन्न स्तरों पर कथित रूप से कमीशन लिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, उपयंत्री, सहायक यंत्री, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सहित विभिन्न स्तरों पर निर्धारित प्रतिशत के अनुसार कमीशन की व्यवस्था है।
देखें वीडियो
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भोपाल स्थित अधिकारियों तक भी कथित रूप से राशि पहुंचाई जाती है। समेले ने वीडियो में कहा कि 'कौन माई का लाल है जो जनपद से लेकर भोपाल तक पैसे नहीं खाता।' हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और संबंधित विभाग या राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

