Punjab Kesari MP ads

नरोत्तम की बजाए भाजपा ने आशुतोष तिवारी पर जताया भरोसा, निभा चुके हैं बड़ी सगंठन जिम्मेवारियां

Friday, Jul 10, 2026-07:07 PM (IST)

दतिया (नवल यादव) : दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के इस फैसले के साथ ही दतिया की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। भाजपा ने इस बार संगठनात्मक अनुभव और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नया चेहरा मैदान में उतारा है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशी बदलते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इस फैसले को जिले की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। हालांकि, प्रत्याशी परिवर्तन के कारणों को लेकर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

आशुतोष तिवारी दतिया जिले की भांडेर तहसील के ग्राम पिपरउआ के निवासी हैं। वे लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने ग्राम भारती के जिला अध्यक्ष के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई और बाद में संभाग स्तर पर भी विभिन्न दायित्व संभाले। वर्ष 2020 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में उन्हें मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया था।

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में आशुतोष तिवारी ने सेवढ़ा विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन उस समय पार्टी ने प्रदीप अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया था। अब दतिया उपचुनाव में उन्हें भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतारा है।

भाजपा के इस फैसले के बाद दतिया विधानसभा उपचुनाव का मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है। अब राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम जनता की नजरें भी इस बात पर टिकी हैं कि नया चेहरा चुनावी मैदान में पार्टी के लिए कितना सफल साबित होता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News