“कांग्रेस में गृह युद्ध चल रहा है, इसलिए मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग जरूरी है'' कांग्रेस जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग पर रामेश्वर शर्मा का तंज

Wednesday, Oct 22, 2025-02:35 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की 10 दिन की ट्रेनिंग को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। 2 से 11 नवंबर तक पचमढ़ी में होने वाली इस ट्रेनिंग में कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को योग और मार्शल आर्ट की शिक्षा दी जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान हर सुबह एक घंटे योग सत्र और मार्शल आर्ट का विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में एक दिन राहुल गांधी भी शामिल होंगे।

कांग्रेस के इस कैंप पर भाजपा ने तंज कसना शुरू कर दिया है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि “कांग्रेस तमाशे के लिए आदी हो चुकी है। वे योग नहीं करेंगे, क्योंकि योग करेंगे तो भारतीय संस्कृति का ठप्पा लग जाएगा और इससे मुसलमान व ईसाई नाराज हो जाएंगे।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “मार्शल आर्ट जरूर सीख लें, क्योंकि कांग्रेस में वाक् युद्ध के बाद अब हाथ युद्ध शुरू होने वाला है।”

रामेश्वर शर्मा ने आगे कहा कि “कांग्रेस में गृह युद्ध चल रहा है, इसलिए मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग जरूरी है। अगर कांग्रेस 10 दिन का रामायण पाठ रख देती या गीता और भारत के इतिहास पर उपदेश रख लेती, तो शायद कांग्रेस का भला हो जाता।” उन्होंने यह भी व्यंग्य किया कि “जहां कांग्रेस के नेता इकट्ठा होते हैं, वहां तोड़फोड़ जरूर होती है।”

कांग्रेस के इस 10 दिन के विशेष ट्रेनिंग कार्यक्रम को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है। अब देखना यह होगा कि योग और मार्शल आर्ट की यह क्लास कांग्रेस को अनुशासन सिखाएगी या भाजपा के नए हमलों का कारण बनेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena