पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने रचाई एक और शादी, 20 साल छोटी कांग्रेस नेत्री की भरी मांग, तस्वीरें वायरल
Saturday, Dec 20, 2025-06:02 PM (IST)
भोपाल : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी के बेटे और शिवराज सरकार में मंत्री रह चुके दीपक जोशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह उनका राजनीतिक नहीं, बल्कि निजी जीवन है। पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवी राज सक्सेना से शादी कर ली है। उनकी शादी की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरें
दीपक जोशी और पल्लवी राज सक्सेना की शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जिनमें दीपक जोशी पल्लवी की मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहे हैं। हालांकि, पूर्व मंत्री ने अब तक अपनी शादी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

आर्य समाज मंदिर में हुआ सादगी भरी शादी
जानकारी के मुताबिक, दीपक जोशी और पल्लवी राज सक्सेना की शादी 4 दिसंबर को आर्य समाज मंदिर में बेहद सादगी भरे अंदाज में हुई। शादी की तस्वीरें सबसे पहले पल्लवी राज सक्सेना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की थीं, जिन्हें बाद में डिलीट कर दिया गया। इसके बाद कांग्रेस नेता बृजेंद्र शुक्ला ने इन्हीं तस्वीरों को फेसबुक पर पोस्ट कर दीपक जोशी को बधाई दी, जिसके बाद यह मामला सार्वजनिक चर्चा में आ गया।
पहली पत्नी का कोविड में हुआ था निधन
दीपक जोशी की पहली पत्नी विजया जोशी का निधन वर्ष 2021 में कोविड के दौरान हो गया था। उस समय यह खबर भी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में काफी चर्चित रही थी। इससे पहले दीपक जोशी की शादी को लेकर मीडिया में यह खबरें भी सामने आई थीं कि दो महिलाओं ने खुद को उनकी पत्नी बताते हुए दावा किया था। इस पूरे मामले पर दीपक जोशी ने मीडिया से कहा था कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए फिलहाल वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। यही वजह है कि कुछ लोग इसे दीपक जोशी की दूसरी शादी बता रहे हैं, तो कुछ चौथी।

पहले भी सामने आ चुकी हैं शादी की चर्चाएं
पल्लवी राज सक्सेना से शादी से पहले भी दीपक जोशी के नाम अन्य महिलाओं के साथ विवाह को लेकर चर्चाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि, इन दावों को लेकर अलग-अलग मत हैं और कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, कांग्रेस नेत्री से विवाह की खबर ने मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर दीपक जोशी को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।


