बड़ा हादसा: वेदांता प्लांट में बॉयलर ट्यूब ब्लास्ट, 9 की मौत से मचा हड़कंप
Tuesday, Apr 14, 2026-05:50 PM (IST)
रायपुर: Chhattisgarh के सक्ति जिला स्थित सिंघनतराई गांव में बने Vedanta Limited के पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर की ट्यूब अचानक फटने से अफरा-तफरी मच गई और काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में पहले 3 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़कर 9 होने की पुष्टि की है। वहीं कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है।
40–50 मजदूर कर रहे थे काम, मची भगदड़
घटना उस समय हुई जब प्लांट में करीब 40 से 50 मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए धमाके के बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई मजदूर अंदर ही फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रशासन और राहत टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तुरंत हायर सेंटर रेफर किया गया है।
एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि हादसा बॉयलर ट्यूब फटने की वजह से हुआ है, लेकिन अभी जांच जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
जांच के आदेश, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और प्लांट में सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जा रही है।

