Punjab Kesari MP ads

MP में बड़ा कांड, सरकारी आवास में फंदे पर लटकते पाया गया पुलिसकर्मी, कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि के थे भाई,विभाग सन्न

Monday, Jun 08, 2026-05:06 PM (IST)

लखनादौन (पवन डेहरिया): मंडला जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आय़ा है।यहां  एक पुलिसकर्मी का शव सरकारी आवास में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतलोन निवासी सुनील सरयाम के रूप में हुई है। सुनील सरयाम कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि के भाई बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग सहित क्षेत्र में शोक और चर्चाओं का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील सरयाम पुलिस विभाग में पदस्थ थे और वर्तमान में पुलिस लाइन में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने बम्हनी बंजर क्षेत्र स्थित अपने सरकारी आवास के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब कमरे का दरवाजा लंबे समय तक नहीं खुला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को तत्काल बंद कर सुरक्षा घेरे में ले लिया।

मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी उस समय सामने आई जब कमरे के भीतर बिस्तर के पास एक कथित सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से नोट की सामग्री सार्वजनिक नहीं की है। माना जा रहा है कि मृतक द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे के कारणों का खुलासा इसी पत्र से हो सकता है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। वहीं वैज्ञानिक जांच के लिए बालाघाट से एफएसएल टीम को बुलाया गया है। टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही कमरे को खोलकर विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जाएंगे। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की आशंका या संदेह की स्थिति स्पष्ट हो सके।

जानकारी के अनुसार सुनील सरयाम पूर्व में पिंडरई और बम्हनी बंजर क्षेत्र में भी पदस्थ रह चुके थे। इसी कारण उन्हें सरकारी आवास उपलब्ध कराया गया था। लंबे समय तक विभिन्न स्थानों पर सेवा देने वाले सुनील सरयाम को जानने वाले लोगों का कहना है कि उनका व्यवहार बेहद शांत, सरल और सहयोगात्मक था। वे अपने कार्य के प्रति गंभीर और जिम्मेदार अधिकारी के रूप में पहचाने जाते थे।स्थानीय लोगों और उनके परिचितों का कहना है कि सुनील सरयाम कभी किसी विवाद में नहीं रहे और सभी के साथ मधुर संबंध रखते थे। ऐसे में उनकी अचानक मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। परिजन भी घटना के बाद गहरे सदमे में हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एफएसएल जांच, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और बरामद कथित सुसाइड नोट की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पूरे मामले पर पुलिस विभाग और क्षेत्र के लोगों की नजर बनी हुई है। अब सभी को जांच रिपोर्ट और पुलिस के आधिकारिक खुलासे का इंतजार है, जो इस रहस्यमयी घटना से पर्दा उठा सकता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News