रोड निर्माण के भुगतान में 30% कमीशन की मांग! उपसरपंच ने कलेक्टर से की जांच व कार्रवाई की मांग
Monday, Mar 09, 2026-03:45 PM (IST)
बुरहानपुर (राजू सिंह) : बुरहानपुर जिले की ग्राम पंचायत मोहम्मदपुरा में सीसी रोड निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर कमीशन मांगने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की उपसरपंच शोमा तायडे ने कलेक्टर को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है और इसके लिए 30 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है।
आवेदन में बताया गया है कि मोहम्मदपुरा पंचायत में सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया गया था। कार्य पूरा होने के बाद इंजीनियर द्वारा इसका मूल्यांकन भी किया जा चुका है और कार्य को संतोषजनक बताया गया है। इसके बावजूद संबंधित भुगतान अब तक लंबित है।

उपसरपंच का आरोप है कि भुगतान जारी करने के लिए 30 प्रतिशत कमीशन मांगा जा रहा है। कमीशन नहीं देने की स्थिति में बिल पास नहीं किया जा रहा है, जिससे संबंधित पक्ष को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपसरपंच शोमा तायडे ने कलेक्टर से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग की है। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

