13 साल की लड़की से फेरे लेने जा रहा था 42 साल का दूल्हा! टीम ने पहुंचकर रुकवाई शादी
Saturday, Apr 25, 2026-05:19 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जहां एक 13 साल की नाबालिग की शादी को रुकवाया है। टीम ने मौके पर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की जिसमें नाबालिग बच्ची की मार्क शीट भी फर्जी पाई गई है जिसके बाद प्रशासन की टीम ने बाल विवाह अधिनियम के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया है।

दरअसल राऊ इलाके के रंग्वासा में 13 साल की बेटी और उसके 19 साल के भाई की शादी बेटी दो, बेटी लो प्रथा के तहत सांवेर के एक परिवार में की जा रही थी। 25 अप्रैल को दोनों की शादी तय हुई थी लेकिन जांच में सामने आया है कि 13 साल की बच्ची का विवाह सांवेर के रहने वाले एक 42 साल की शख्स से किया जा रहा था जबकि 19 साल के इस लड़के की शादी को भी रुकवाया गया है।

वही अधिकारी ने बताया कि दोनों परिवार के खिलाफ केस दर्ज किया है। साथ ही उनसे एक शपथ पत्र भी लिया है। साथ ही चेतावनी भी दी है कि बच्ची के बालिग़ होने से पहले अगर उसकी शादी की तो सख्त एक्शन लिया जाएगा। फिलहाल समाज में आज भी पुरानी प्रथा के नाम पर नाबालिग बच्चियों के विवाह जबरन करवाए जा रहे है। ऐसे में अभी भी समाज में जागरूकता और सोच को बदलने की जरूरत है।

