इंदौर के पारदी डेरे में खूनी खेल! डेढ़ माह के मासूम का गला रेता, मां पर गहराया शक

Thursday, Aug 21, 2025-08:00 PM (IST)

इंदौर। (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अहिरखेड़ी इलाके में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां पारदी डेरे में डेढ़ माह के मासूम प्रियांश पारदी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बच्चे का शव खून से सना हुआ घर के भीतर मिला। घटना के समय घर पर मासूम की मां नेहा, उसकी डेढ़ साल की बेटी और देवरानी मौजूद थीं।

थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। नेहा अचानक दौड़ते हुए बाहर आई और कपड़े धो रही अपनी देवरानी को चिल्लाकर बुलाया। उसने बताया कि बच्चे को कुछ हो गया है। जब देवरानी घर के अंदर पहुंची तो उसने देखा कि मासूम का गला कटा हुआ था और वह खून से लथपथ पड़ा था। इसके बाद शोर मचाया गया और परिजन व आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

PunjabKesariसूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और अन्य अमला मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान कई बिंदुओं पर संदेह गहराया है। परिवार और स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को जानकारी दी कि बच्चे की मां ने कुछ दिन पहले भी मासूम का गला दबाने का प्रयास किया था। इसी वजह से पुलिस की प्रारंभिक जांच में मां पर संदेह गहरा गया है।

फिलहाल पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं और मां से भी सख्ती से पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद या मानसिक स्थिति से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। द्वारकापुरी पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News