पटवारी को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, अवैध उत्खनन रुकवाने पहुंचा था अधिकारी, बाल-बाल बची जान
Tuesday, May 05, 2026-08:30 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : खंडवा जिले के जावर सर्किल अंतर्गत ग्राम भकराडा में मुरम के अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर हल्का पटवारी मयंक फुलेरिया मौके पर जांच के लिए पहुंचे, जहां शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मुरम का उत्खनन किया जा रहा था। उत्खनित मुरम को पास स्थित एक मुर्गी केंद्र तक ले जाया जा रहा था।
मौके पर एक जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टर पाए गए। पटवारी को देखते ही चालक मौके से भागने लगे। इस दौरान ट्रैक्टर चालक कुंदन पिता गजेंद्र राजपूत, निवासी भकराडा ने पटवारी पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया और ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। घटनास्थल पर जेसीबी मशीन गड्ढे में फंस गई, जिसे जब्त कर लिया गया। जेसीबी चालक सावन पिता राजू भिलाला, निवासी बांगरदा तथा एक अन्य ट्रैक्टर चालक मुकेश सोलंकी, निवासी बिजोरा भील की पहचान की गई है। तहसीलदार महेश सोलंकी के अनुसार, जब्त जेसीबी मशीन को थाना जावर की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 132, 110, 303(2) व 3(5) के साथ ही खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 21 एवं 4 के तहत थाना जावर में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

