बालाघाट कलेक्टर को मिली छतरपुर की कमान, कलेक्टर छतरपुर को शहडोल की सरदारी, याद आएंगे पार्थ जैसवाल
Tuesday, Jul 28, 2026-10:21 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की नई पदस्थापना सूची जारी की है। इस सूची में छतरपुर जिले के कलेक्टर को भी बदल दिया गया है। छतरपुर में पार्थ जैसवाल के स्थान पर 2015 बैच के आईएएस अधिकारी बालाघाट कलेक्टर मृणाल मीणा को छतरपुर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
छतरपुर कलेक्टर पार्थ जैसवाल का स्थानांतरण कर उन्हें संभागीय मुख्यालय शहडोल का नया कलेक्टर बनाया गया है। हालांकि 2016 बैच की आईएएस रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह को शहडोल कलेक्टर के पद पर ट्रांसफर किया गया था लेकिन उन्होंने स्वास्थ्यगत कारणों से शहडोल जाने से इंकार कर दिया था जिससे पार्थ जैसवाल को शहडोल भेजना पड़ा।
2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पार्थ जैसवाल ने 6 अगस्त 2024 को छतरपुर कलेक्टर के पद पर ज्वाइन किया था। उन्हें पहली बार कलेक्टरी मिली थी और वे दो साल छतरपुर में रहे। उनके कार्यकाल में ही देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना केन बेतवा की शुरुआत हुई हालांकि मुआवजा वितरण में विसंगतियों को लेकर लम्बे समय तक हुए आंदोलन ने कलेक्टर की काफी मुसीबतें भी बढ़ाई। उन्हें पहली कलेक्टरी में ही राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के दौरे सफलतापूर्वक संपन्न कराने का श्रेय भी मिला।

