Punjab Kesari MP ads

राज्य के इस बड़े अधिकारी पर गिरी गाज, निलंबन के आदेश जारी

Tuesday, Apr 28, 2026-04:05 PM (IST)

महासमुंद: स्कूल शिक्षा विभाग ने महासमुंद के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) विजय कुमार लहरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई परीक्षा प्रश्नपत्र में हुई गंभीर त्रुटियों, विभागीय कार्यों में लापरवाही तथा वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद की गई है। जानकारी के अनुसार, निलंबन का मुख्य आधार 8 जनवरी 2026 को चौथी कक्षा के अंग्रेजी प्रश्नपत्र में सामने आया विवाद है। 

इस प्रश्नपत्र में एक प्रश्न के विकल्प में भगवान राम का नाम शामिल किए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं, जिसके बाद मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया था। विभागीय जांच में यह स्पष्ट हुआ कि प्रश्नपत्र निर्माण और वितरण की संपूर्ण जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की थी, जिसमें गंभीर लापरवाही बरती गई। जांच के दौरान केवल यही नहीं, बल्कि कई अन्य प्रशासनिक और वित्तीय अनियमितताएं भी सामने आई हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया में मानकों की अनदेखी, विवादित प्रश्न के प्रकाशन से उत्पन्न संवेदनशील स्थिति, हाईकोर्ट से जुड़े प्रकरणों में समय पर कार्रवाई न करना तथा विभागीय आदेशों की अवहेलना जैसे गंभीर पहलू उजागर हुए हैं। साथ ही लेखा परीक्षण के दौरान वित्तीय अनियमितताओं के संकेत भी मिले हैं।

सरकार ने इस पूरे मामले को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का गंभीर उल्लंघन मानते हुए, छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है। इधर, प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बीएल देवांगन को महासमुंद जिले के जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह कार्रवाई शिक्षा विभाग में जवाबदेही और पारदर्शिता को लेकर सरकार की सख्त मंशा के रूप में देखी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News