छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में फैला बर्ड फ्लू, हजारों मुर्गियां-अंडे किये गये नष्ट, मचा हड़कंप
Saturday, Feb 01, 2025-02:27 PM (IST)
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर स्थित सरकारी कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू फैलने से हड़कंप मचा हुआ है। राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल द्वारा शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र रायगढ़ से भेजे गए कुक्कुट पक्षी शव के नमूनों में उच्च पांथोपनिक एवियन इंफ्लूएंजा एच5एन1, (बडर् फ्लू) के संक्रमण की पुष्टि शुक्रवार को की गयी। इसके बाद कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और पशुपालन विभाग के राज्य कार्यालय के अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय बनाकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। कल रात 11 बजे वरिष्ठ अधिकारियों की आपातकालीन बैठक बुलाई गई।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ इस परिस्थिति से निपटने की पूरी रणनीति बनाते हुए लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से पोल्ट्री फार्म की सारी मुर्गियों, चूजों, अंडों और कुक्कुट आहार को तत्काल नष्ट करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत पोल्ट्री फार्म की करीब पांच हजार मुर्गियां, 12 हजार चूज़े और 17 हजार अंडों को नष्ट करने की तैयारी की गई। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दे दिया गया। नगर निगम, पशु चिकित्सा विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरी रात संयुक्त अभियान चलाकर संक्रामक रोग प्रोटोकॉल के तहत पोल्ट्री फार्म की सभी मुर्गी, चूज़े, अंडे और कुक्कुट आहार को नष्ट किया। इसके लिए मुर्गों और चूजों को मारकर जमीन में दफनाया गया। पक्षियों का उच्च पैंथोपनिक एवियन इन्फ्लूएंजा रोग पशुओं में संक्रामक और सांसर्गिक रोगों का निवारण और नियंत्रण अधिनियम 2009 अंतर्गत ‘अनुसूचित रोग' है, जिसके रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु पशुपालन एवं डेयरी विभाग, भारत सरकार के एक्शन प्लान फॉर प्रिवेंशन, कंट्रोल एंड कंटेनमेंट ऑफ एवियन इन्फ्लूएंजा (रिवाइज्ड 2021) के अनुसार कार्यवाही की जानी होती है। परिपालन में शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र रायगढ़ से एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र तथा एक से 10 किलोमीटर क्षेत्र को ‘निगरानी जोन'घोषित किया गया है।