Punjab Kesari MP ads

दतिया में उपचुनाव से पहले BJP को झटका! पद पर बैठी भाजपा नेत्री की बेटी कांग्रेस में शामिल

Sunday, Jul 26, 2026-02:49 PM (IST)

दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मतदान से पहले कांग्रेस ने भाजपा के प्रभाव वाले एक प्रमुख परिवार में सेंध लगाते हुए भाजपा पार्षद की बेटी ज्योत्सना तलवानी को पार्टी में शामिल करा लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन्हें औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद ज्योत्सना तलवानी ने कहा कि वे पार्टी की नीतियों, सामाजिक न्याय के मुद्दों और राहुल गांधी द्वारा बेरोजगारी, किसानों तथा आम जनता से जुड़े विषयों पर उठाई जा रही आवाज से प्रभावित होकर कांग्रेस से जुड़ी हैं। उन्होंने दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में मतदान करने और कांग्रेस को मजबूत बनाने की अपील भी की।

ज्योत्सना तलवानी ऐसे राजनीतिक परिवार से आती हैं, जिसकी पहचान लंबे समय से भाजपा से जुड़ी रही है। उनके दिवंगत पिता लख्खा तलवानी नगर पालिका के उपाध्यक्ष रह चुके थे और शहर के प्रमुख व्यापारियों में उनकी गिनती होती थी। वहीं उनकी मां माला तलवानी वर्तमान में वार्ड क्रमांक-4 से भाजपा की पार्षद हैं और भाजपा महिला मोर्चा की सक्रिय एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मानी जाती हैं।

ऐसे में भाजपा से जुड़े इस परिवार की सदस्य का कांग्रेस में शामिल होना दतिया की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। राजनीतिक जानकार इसे उपचुनाव से ठीक पहले कांग्रेस की रणनीतिक सफलता के रूप में देख रहे हैं, जबकि भाजपा की ओर से इस घटनाक्रम पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

दतिया उपचुनाव के बीच हुए इस घटनाक्रम ने चुनावी मुकाबले को और अधिक दिलचस्प बना दिया है। अब यह देखना होगा कि इसका असर मतदान और चुनावी समीकरणों पर किस हद तक पड़ता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News