अस्पताल के ऑक्सीजन फ्लो मीटर में ब्लास्ट, टीबी का इलाज करा रहे मरीज की फटी आंख की पुतली

1/2/2023 1:57:35 PM

खंडवा(निशात सिद्दिकी): खंडवा जिला अस्पताल के टीबी वार्ड में ऑक्सीजन फ्लो मीटर फटने से मरीज के परिजन की आंख की पुतली फट गई। हादसे में घायल मरीज को अस्पताल के नेत्र वार्ड में भर्ती किया है। वहीं नेत्र वार्ड में डॉक्टरों ने मरीज से उसकी फाइल में लिखवाया कि ऑपरेशन के दौरान आंख की रोशनी जा सकती है। इसकी जिम्मेदारी डॉक्टर-स्टॉफ की नहीं बल्कि मरीज और उसके परिजन की रहेगी। इधर, मामले में स्टाफ का बचाव सिविल सर्जन ने किया। सिविल सर्जन ने कहा कि स्टाफ ने बताया कि परिजन ने मीडियम से हाई फ्लो ऑक्सीजन के लिए दबाव बनाया। जब ऑक्सीजन का प्रेशर बढ़ाया तो सिलेंडर में लगा कांच का फ्लो मीटर फट गया। इसमें मरीज के परिजन के साथ ही नर्सिंग स्टाफ भी घायल हुआ है। वार्ड में ड्यूटी देने वाली नर्स के गाल पर भी चोट के निशान आए हैं।

दुर्घटना में घायल पदमकुंड निवासी मोइन शाह ने बताया खालवा निवासी मेरी मौसी का लड़का टीबी वार्ड में भर्ती था। रात 11 बजे फोन आया कि उसे घबराहट हो रही है। उसे ऑक्सीजन की आवश्यकता थी। लेकिन उसे ऑक्सीजन सही तरीके से मिल नहीं पा रही थी। वहां मौजूद वार्ड बॉय को ऑक्सीजन सिलेंडर को खोलने और बंद करने के तरीकों की जानकारी नहीं थी। जब वार्ड बॉय सिलेंडर लाया तो मैंने जाकर उसकी सहायता की। वार्ड में मौजूद सिस्टर ने जब सिलेंडर का वॉल खोलने के लिए कहा तो वार्ड बॉय ने वॉल इतना ज्यादा खोला कि सिलेंडर के ऊपर लगी बॉटल बम की तरह ब्लास्ट हो गई। उसकी पूरी टुकड़ी उड़कर मरीज की आंख में घुस गई। जांच करने वाले डॉक्टर ने बताया कि आंख की काली पुतली फट गई है। दो ऑपरेशन कराने के लिए इंदौर जाना पड़ेगा। ऑपरेशन के लिए 50 हजार रुपए का खर्च आएगा। हमारे पास इतने पैसे नहीं है कि ऑपरेशन करा सकें। डॉक्टर ने कहा रोशनी आने की कोई गारंटी नहीं है। दूसरी आंख से भी सही से देखते नहीं बन रहा।

मरीज की आंख की कराएंगे आज सोनोग्राफी, दोषियों पर कार्यवाही करेंगे

सिविल सर्जन डॉ. ओपी जुगतावत बताया कि वार्ड की नर्स के अनुसार परिजन मरीज को दी जा रही। ऑक्सीजन के फ्लो को तेज कर रहे थे। जिससे फ्लो मीटर के कांच की बॉटल फटने से परिजन और स्टाफ को चोट आई। मरीज को नेत्र विशेषज्ञ ने देखा है। उसकी आंख की सोनोग्राफी भी कराएंगे। मामले में दोषियों पर जांच के बाद कार्रवाई करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News