बुरहानपुर में SIR में फर्जी आपत्तियों का आरोप लगाकर उबली कांग्रेस, कमिश्नर से फोन तीखी बहस, बकरे को सौंपा ज्ञापन
Wednesday, Feb 11, 2026-03:35 PM (IST)
बुरहानपुर (राजू सिंह राठौड़): बुरहानपुर में आज जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जय स्तंभ चौराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता रैली निकालते हुए नगर निगम पहुंचे और निगम कार्यालय का घेराव किया। SIR को लेकर कथित फर्जी आपत्तियों और शहर की बदहाल मूलभूत सुविधाओं को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जय स्तंभ चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां SIR को लेकर कथित फर्जी आपत्तियों के विरोध में धरना दिया गया। धरने के बाद कांग्रेसियों ने रैली निकालकर नगर निगम कार्यालय पहुंचकर घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहर में सड़क, नाली, बिजली, पानी और गंदे पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है, लेकिन नगर निगम प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने SIR मामले को लेकर तहसीलदार प्रवीण ओहरिया को ज्ञापन सौंपा। नगर निगम कमिश्नर और महापौर के मौके पर मौजूद नहीं होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। जिला अध्यक्ष की कमिश्नर से फोन पर तीखी बहस भी हुई। विरोध दर्ज कराने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से एक बकरे को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि शहर की मूलभूत सुविधाएं बदहाल हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता के बीच आने को तैयार नहीं हैं। SIR को लेकर फर्जी आपत्तियों का मुद्दा भी गरमाया रहा। कांग्रेस ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं तहसीलदार प्रवीण ओहरिया ने कहा कि कांग्रेस द्वारा ज्ञापन सौंपा गया है और उनके आक्रोश को प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। दूसरी ओर नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने शहर में किसी प्रकार की गंभीर समस्या से इनकार किया। उनका कहना है कि सभी विकास कार्य प्रगति पर हैं और प्रदेश में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें भी यहां सबसे कम हैं।

