Punjab Kesari MP ads

ट्रैक्टरों से भरा कंटेनर खाई में पलटा, ड्राइवर को नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

Sunday, Jun 07, 2026-03:35 PM (IST)

गुना (मिस्बाह नूर) : नेशनल हाईवे 46 पर आवन के पास रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। महिंद्रा कंपनी के नए ट्रैक्टरों से भरा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। इस हादसे में कंटेनर में रखे ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गनीमत यह रही कि घटना के समय कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

PunjabKesari

जानकारी सामने आई है कि महिंद्रा कंपनी के पांच नए ट्रैक्टरों को लोड करके कंटेनर इंदौर की ओर से शिवपुरी की ओर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े 6 बजे जैसे ही कंटेनर आवन के पास पहुंचा, तभी अचानक ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया। पलक झपकते ही ड्राइवर का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और ट्रैक्टरों से लदा भारी-भरकम कंटेनर हाईवे किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 1033 के ड्राइवर फिरोज खान तुरंत एम्बुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि इतनी भीषण दुर्घटना के बावजूद कंटेनर के ड्राइवर और क्लीनर सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि सुबह के वक्त हाईवे पर ट्रैफिक कम था, इसलिए कोई दूसरा वाहन इसकी जद में नहीं आया। दुर्घटना के बाद दोपहर तक कंटेनर और उसमें लदे ट्रैक्टर खाई में ही पड़े रहे, जिन्हें बाद में क्रेन की मदद से निकालने के प्रयास शुरू किए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News