MP में बड़ा हादसा! यात्रियों से भरी दो बसें टकराई, 30-35 लोग थे सवार, एक युवक का सिर दो हिस्सों में बंटा; हुई चार मौतें; कई घायल
Friday, Jun 05, 2026-02:24 PM (IST)
रायसेन (शिलाल यादव): मध्यप्रदेश के रायसेन में भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां दो यात्री बसों की आमने-सामने टक्कर हुई। घटना में 4 लोगों की मौत की सूचना है। 15 से अधिक घायल हो गए। हादसे में एक युवक का सिर दो हिस्सों में बंटा है। खौफनाक मंजर देख लोगों में चीख-पुकार मची है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को खरबई थाना चौकी अंतर्गत सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुई है। जहां भोपाल-सागर रूट पर चलने वाली दो बसें आपस में टकराई है। हादसे में भोपाल से सागर जा रही बस के करीब 4 यात्रियों की मौत हुई है। जबकि दूसरी बस में सवार लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आनन-फानन में गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना में दो मृतकों की पहचान नीतीश व्यास (28) पिता एसएन व्यास, निवासी पंडा टेकापार, सुल्तानगंज और माखन लोधी (29) पिता रामबाबू लोधी, निवासी पचीपुरा, बेगमगंज के रूप में हुई है। जबकि दो शवों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो यात्री बसों की तेज रफ्तार हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। पुलिस ने दूसरी बस चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

