Punjab Kesari MP ads

दतिया में राजनीतिक हलचल बेहद तेज, राजेंद्र भारती की याचिका पर कोर्ट में सुनवाई पूरी,ये खबर आ रही सामने

Thursday, Jul 09, 2026-06:48 PM (IST)

दतिया (नवल यादव): दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला शुक्रवार को आने की संभावना है। अदालत ने सुनवाई पूरी होने के बाद निर्णय सुरक्षित रख लिया है। इस फैसले का असर न केवल राजेंद्र भारती के राजनीतिक भविष्य पर, बल्कि उपचुनाव की दिशा पर भी पड़ सकता है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच पूर्व विधायक राजेंद्र भारती से जुड़े बैंक एफडी प्रकरण ने राजनीतिक सरगर्मियां और बढ़ा दी हैं। गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में मामले की विस्तृत सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। अब शुक्रवार को निर्णय आने की संभावना है, जिस पर राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हुई हैं।

गौरतलब है कि बैंक एफडी मामले में दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने 2 अप्रैल को राजेंद्र भारती को तीन वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी थी। इसी आदेश को चुनौती देते हुए भारती ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर राहत की मांग की है। मामले में हाईकोर्ट पहले ही चुनाव आयोग सहित संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर चुका है।

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता पी. चिदंबरम ने भारती की ओर से पक्ष रखते हुए कहा कि यह विवाद मूल रूप से सिविल प्रकृति का है। उन्होंने अदालत को बताया कि बैंक भी पूर्व में इस मामले को सिविल विवाद मानते हुए सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। उन्होंने यह भी दलील दी कि समझौते की राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है और संबंधित एफडी आज भी बैंक के पास सुरक्षित है।

उधर, दतिया उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच रही है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने अब तक अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि दोनों दल हाईकोर्ट के फैसले के बाद अपनी आगे की रणनीति तय कर सकते हैं।

नामांकन पर अवकाश का असर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 11 जुलाई को कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन कराने की घोषणा की थी। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि माह के दूसरे शनिवार को रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय में नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ऐसे में कांग्रेस को अब नई तारीख तय करनी पड़ सकती है। नामांकन के लिए शुक्रवार और उसके बाद सोमवार प्रमुख कार्य दिवस माने जा रहे हैं।

भाजपा की नजर भी फैसले पर

भाजपा ने अभी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा नामांकन पत्र खरीद चुके हैं और उनके शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में हाईकोर्ट का फैसला उपचुनाव के राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा दे सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News