होली के रगों में सराबोर कलेक्टर साहब! रंग बरसे भिगे चुनर वाले गाने पर किया धांसू डांस...

Wednesday, Mar 04, 2026-07:09 PM (IST)

दतिया : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में इस बार होली का उत्सव कुछ खास अंदाज में मनाया गया। दतिया स्थित कलेक्टर निवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, मीडियाकर्मी और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की। इस दौरान दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े खुद भी रंगों में सराबोर नजर आए और डीजे की धुन पर जमकर डांस किया। कार्यक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

“होली पर सब एक समान” – कलेक्टर का संदेश

होली मिलन समारोह के दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने बेहद सहज अंदाज में कहा कि होली ऐसा त्योहार है जहां न कोई अधिकारी होता है और न कोई कलेक्टर—सब एक समान होते हैं। उन्होंने मीडिया बंधुओं के साथ खुलकर रंग खेला और सभी को गले लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। उनके इस सरल और मिलनसार व्यवहार की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

PunjabKesari

महाराष्ट्र और बुंदेलखंड की होली में फर्क

मूल रूप से महाराष्ट्र से आने वाले स्वप्निल वानखड़े ने अपने संबोधन में कहा कि महाराष्ट्र की होली और बुंदेलखंड की होली में काफी अंतर है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि यहां की होली बिना डांस के पूरी नहीं होती। “सच कहूं तो महाराष्ट्र की होली से कई गुना ज्यादा रंगीन और जीवंत मुझे बुंदेलखंड की होली लगी,” उन्होंने कहा। बुंदेली संस्कृति के प्रति उनका लगाव भी साफ नजर आया।

रंग, संगीत और उत्साह से सराबोर माहौल

कलेक्टर निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में रंग, गुलाल और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। डीजे की धुन पर अधिकारी और मीडियाकर्मी एक साथ झूमते दिखे। प्रशासनिक औपचारिकताओं से अलग यह आयोजन सौहार्द और आपसी भाईचारे का प्रतीक बना। कलेक्टर ने सभी मीडिया संस्थानों को होली की शुभकामनाएं दीं।

PunjabKesari

बुंदेली संस्कृति से जुड़ाव

स्वप्निल वानखड़े का कहना है कि उन्हें बुंदेलखंड की संस्कृति, लोकपरंपराएं और त्योहारों का उत्साह बेहद पसंद है। दतिया में उनकी कार्यशैली और स्थानीय संस्कृति के प्रति सम्मान ने उन्हें लोगों के बीच लोकप्रिय बनाया है। होली के इस आयोजन ने प्रशासन और समाज के बीच संवाद और सौहार्द को और मजबूत किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News