Punjab Kesari MP ads

कांग्रेस से आए नेताओं के सहारे चल रही BJP - PCC चीफ का बड़ा हमला, लगाए गंभीर आरोप

Friday, Mar 27, 2026-05:16 PM (IST)

रायपुर: रामनवमी के मौके पर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बैज ने कहा कि बीजेपी अब कांग्रेस से आए नेताओं के सहारे चल रही है और अपने मूल कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है और चुनाव के समय धार्मिक भावनाओं को भुनाकर वोट हासिल करने की कोशिश करती है। बैज के मुताबिक, असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की रणनीति अपनाई जाती है।

संगठन पर उठाए सवाल

बैज ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी में अब अपने नेताओं की कमी हो गई है, इसलिए कांग्रेस छोड़कर आने वाले नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। इससे पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है।

एक्साइज ड्यूटी पर भी निशाना

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि एक्साइज ड्यूटी में कटौती कोई राहत नहीं, बल्कि चुनावी स्टंट है। उनका दावा है कि पांच राज्यों में चुनाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि बढ़ती महंगाई, खासकर गैस सिलेंडर की कीमतों पर उठ रहे सवालों को दबाया जा सके।

जैतू साव मठ मामला: सदन में गलत जानकारी का आरोप

जैतू साव मठ से जुड़े आर्थिक मामले को लेकर भी बैज ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मठ को 30.75 लाख रुपये RTGS के जरिए दिए जाने की जानकारी दी गई, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। जांच में सामने आया कि संबंधित ट्रस्ट के बैंक खाते में ऐसी कोई राशि जमा ही नहीं हुई। ट्रस्ट के सचिव ने भी स्पष्ट किया कि उन्हें कोई भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। बैंक स्टेटमेंट में भी इस रकम की कोई एंट्री नहीं मिली।

प्रशासन पर सवाल, कार्रवाई की मांग

बैज ने इसे विधानसभा की गरिमा के साथ-साथ आस्था से जुड़े स्थल का अपमान बताया। उन्होंने मांग की कि सदन में गलत जानकारी देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।2इस पूरे घटनाक्रम के बाद एक बार फिर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, और आने वाले समय में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News