स्थापना शाखा की उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय को हटाने की मांग तेज, मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने खोला मोर्चा
Tuesday, Jul 07, 2026-03:29 PM (IST)
रायपुर: छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने सामान्य प्रशासन विभाग (कक्ष-8) की स्थापना शाखा में पदस्थ उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय को मंत्रालय से हटाकर किसी दूरस्थ जिले में पदस्थ करने की मांग की है। संघ ने इस संबंध में मुख्य सचिव को आज ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया है कि पिछले पांच वर्षों से एक ही संवेदनशील पद पर बने रहने के कारण उनकी कार्यशैली में स्वेच्छाचारिता बढ़ी है, जिससे मंत्रालय की प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
संघ के अध्यक्ष चन्द्रकांत पाण्डेय ने आरोप लगाया कि स्थापना शाखा में लंबे समय से पदस्थ रहने के दौरान उप सचिव ने मंत्रालयीन संवर्ग के अनुभवी अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से लूप लाइन में भेज दिया, जबकि अपने ही बैच के 20 से अधिक राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को मंत्रालय के महत्वपूर्ण विभागों में पदस्थ कराया गया। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्थापना शाखा के मुख्य प्रभार के साथ-साथ उप सचिव ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) का अतिरिक्त प्रभार भी अपने पास रखा और इसका आदेश स्वयं के हस्ताक्षर से जारी किया।
संघ का आरोप है कि विरोध करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को धमकाया जाता है तथा उनके प्रमोशन, पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अवकाश से संबंधित फाइलों पर द्वेषपूर्ण टिप्पणियां दर्ज कर उनके हितों को प्रभावित करने का प्रयास किया जाता है। संघ के अध्यक्ष चन्द्रकांत पाण्डेय ने कहा कि ' मंत्रालय के भीतर आउटसोर्सिंग के माध्यम से बाहरी व्यक्तियों की नियुक्ति कराने की साजिश की जा रही है, जिससे मंत्रालय की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।' संघ ने मुख्य सचिव से मांग की है कि प्रशासनिक निष्पक्षता, सुशासन तथा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय को तत्काल मंत्रालय से हटाकर किसी जिले में पदस्थ किया जाए, ताकि मंत्रालय में पारदर्शी एवं भयमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित हो सके।

