Punjab Kesari MP ads

शराब के नशे में बना हैवान! पत्नी और मां को पीटा, हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

Wednesday, Jun 17, 2026-06:36 PM (IST)

दुर्ग (हेमंत पाल) : दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया जब शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी पत्नी और मां के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने धारदार हथियार दिखाकर दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सुपेला थाना क्षेत्र की कांट्रेक्टर कॉलोनी में रहने वाला विजय कुमार वर्मा शराब पीकर घर पहुंचा और अपने ही परिवार के लोगों से विवाद करने लगा। जानकारी के मुताबिक आरोपी पहले अपने नाबालिग बेटे को गाली-गलौज कर रहा था। जब उसकी पत्नी सरिता वर्मा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देने लगा।

मामला यहीं नहीं रुका। बीच-बचाव करने पहुंची आरोपी की मां फेंकन बाई को भी उसने नहीं बख्शा। आरोपी ने मां के साथ भी मारपीट की और लोहे का धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने लगा। भयभीत मां ने थाना सुपेला पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी विजय कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद किया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि घरेलू हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News