Punjab Kesari MP ads

बारिश और खाद संकट से टूटा किसान, बोवनी न होने पर कीटनाशक पीकर दी जान

Thursday, Jul 09, 2026-08:01 PM (IST)

खंडवा (मुस्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के सरोला गांव से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश, समय पर बोवनी न हो पाने और खाद की भारी किल्लत से परेशान 70 वर्षीय किसान भागीरथ ने कीटनाशक पी लिया। उपचार के दौरान बुधवार देर रात जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

तीन बार खेत गए, लेकिन बुआई नहीं हो सकी

परिजनों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण खेतों में भारी जलभराव हो गया था। मृतक के बेटे हाउसीलाल ने बताया कि बोवनी की उम्मीद में उनके पिता तीन बार ट्रैक्टर लेकर खेत पहुंचे, लेकिन जमीन अत्यधिक गीली और कीचड़युक्त होने के कारण बुआई नहीं हो सकी। लगातार हो रही देरी से वे गहरे मानसिक तनाव में आ गए थे।

खाद की किल्लत और आर्थिक तंगी का दोहरा दबाव

हाउसीलाल ने बताया कि उनके पिता सिर्फ इस साल की बोवनी को लेकर ही चिंतित नहीं थे, बल्कि पिछले साल की खराब फसल का नुकसान भी उन्हें परेशान कर रहा था। इसके साथ ही इस सीजन में खाद की किल्लत ने उनकी चिंता और बढ़ा दी थी। खाद के लिए कई बार टोकन बनवाने की कोशिश की गई, लेकिन व्यवस्थाओं की कमी के चलते उन्हें टोकन नहीं मिल सका।

अस्पताल में तोड़ा दम

बुधवार सुबह करीब 11 बजे परिजनों को भागीरथ द्वारा कीटनाशक पीने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन बुधवार देर रात करीब 11 बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News