फायरिंग में एक युवक की मौत, पुराने विवाद को लेकर आपस में भिड़े था सिख समाज
Sunday, Oct 23, 2022-10:34 AM (IST)

ग्वालियर (अंकुर जैन): दिवाली से पहले डबरा में दहशत फैल गई। शहर में 2 गुटों में हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक राहगीर समेत 3 लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार रात करीब 9.45 बजे बुजुर्ग रोड स्थित डेयरी के पास की है। पुराने विवाद को लेकर सिख समाज के 2 गुटों ने एक-दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में 3 नामजद और 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फायरिंग से हुई विवाद की शुरूआत
ग्वालियर एसपी ने बताया कि डबरा थाने से करीब 300 मीटर दूर स्थित बुजुर्ग रोड इलाके में काफी भीड़ थी। रात करीब 9:45 बजे होंगे। तभी डेयरी के पास सिख समाज के 2 गुटों में पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। इसके कुछ ही देर बाद फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान करीब 8 से 10 फायर किए गए। इससे बाजार में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और देखते ही दुकानों के शटर बंद होने लगे।
फायरिंग में राहगीर को लगी गोली
इसके साथ ही घरों के दरवाजे भी बंद हो गए। घटना में पिछोर तिराहे क्षेत्र में रहने वाले शमशेर सिंह की मौत हो गई। जबकि, राहगीर समेत 3 लोग घायल हो गए। गोलीबारी की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन, तब तक शमशेर, बलवंत और प्रतिपाल को उनके परिजन गाड़ी में लेकर ग्वालियर रवाना हो चुके थे। वारदात में एक राहगीर प्रकाश सेन के पैर में 2 गोलियां लगी है। इसके बाद प्रकाश सेन को डबरा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। विवाद के दौरान छर्रे लगने से भी कई लोग घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने दीपू, रजत, मुख्त्यार सिंह और 2 अन्य के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।