MP में दर्दनाक हादसा: पति-पत्नी समेत चार की मौत, CM ने जताया दुख..
Friday, Sep 12, 2025-12:14 PM (IST)

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (सागर-झांसी हाईवे) पर दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। जैन समाज के श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक ईको कार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दुर्घटना मालथौन थाना क्षेत्र के सुखालीपुरा गांव के पास दोपहर लगभग 1 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, दमोह जिले के जबेरा निवासी सुरेंद्र जैन और गढ़ाकोटा (सागर) निवासी सुपेंद्र जैन अपने परिजनों के साथ शिवपुरी जिले के गोलाकोट तीर्थ दर्शन के लिए निकले थे। रास्ते में उनकी कार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सचिन जैन और उनकी पत्नी ऋतु जैन की मौके पर ही मौत हो गई। सुपेंद्र जैन और उनके बेटे अक्ष ने भी अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। हादसे में चेतना जैन (पत्नी सुपेंद्र), अनोखी (पुत्री सचिन), आराध्या (पुत्री सचिन) और अरबी (पुत्र सचिन) समेत पांच लोग घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों को खबर मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि
सागर जिले के मालथोन के निकट एक सड़क दुर्घटना में दमोह जिले के 4 लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है।
संकट की इस घड़ी में मध्यप्रदेश सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें, मेरी यही करबद्ध प्रार्थना है।