ईंधन इतना महंगा कि अंडरवियर खरीदने के पैसे नहीं! भोपाल में ऑटो चालकों ने हाथ में अंडरवियर लेकर किया अनोखा प्रदर्शन
Monday, Jun 08, 2026-02:38 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान): पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के साथ-साथ ऑटो और टैक्सी चालकों की कमर तोड़कर रख दी है। भोपाल में महंगाई के खिलाफ विरोध का एक ऐसा ही अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ऑटो चालकों ने हाथों में 'अंडरवियर' लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
अंडरवियर खरीदने तक के पैसे नहीं बचे
सोमवार सुबह भोपाल के रायसेन रोड स्थित छावनी पठार इलाके में बड़ी संख्या में ऑटो चालक इकट्ठा हुए। इस दौरान चालकों ने हाथों में अंडरवियर (अंतःवस्त्र) लहराकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी ऑटो चालकों का कहना था कि ईंधन की कीमतें इतनी ज्यादा बढ़ चुकी हैं कि अब उनके पास बुनियादी जरूरतें पूरी करने और यहां तक कि अंडरवियर खरीदने तक के पैसे नहीं बचे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि या तो ईंधन के दाम कम किए जाएं या फिर ऑटो का किराया बढ़ाया जाए।
कमाई 1200, जेब में बच रहे मुश्किल से 500
रायसेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास यह धरना प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ऑटो संगठन के अध्यक्ष संजू अहिरवार ने चालकों की आर्थिक स्थिति का गणित समझाते हुए कहा:अगर कोई सीएनजी ऑटो चालक दिनभर में 500 की गैस भरवाता है, तो उसकी कुल कमाई करीब 1200 होती है। बचे हुए 700 में से उसे गाड़ी की किस्त भी चुकानी होती है और गैस की बचत भी देखनी होती है। सब काटकर घर ले जाने के लिए मुश्किल से 500 भी नहीं बचते। ऐसे में परिवार पालना मुहाल हो गया है।

