किसान सम्मेलन में ग्वालियर पहुंचे CM की किसानों के लिए बड़ी घोषणा, दे दी एक और बड़ी सौगात
Wednesday, Feb 18, 2026-07:24 PM (IST)
ग्वालियर (अंकुर जैन): बजट के बाद प्रदेश के सीएम मोहन यादव आज ग्वालियर जिले के कुलैथ गांव पहुंचे। यहां पर किसान कल्याण वर्ष के तहत जिले का पहला विशाल किसान सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रभारी मंत्री तुलसी राम सिलावट, सांसद भरत सिंह कुशवाह, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। इस मौके पर ग्वालियर के लिए मोहन यादव ने कई सौगातें दी । लेकिन इस मौके पर जो मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की । सीएम ने कहा कि जिन किसानों को भू-अधिकार पट्टे दिए गए हैं, उनकी रजिस्ट्री अब सरकार कराएगी।

किसानों को दिए भू-अधिकार पट्टों की रजिस्ट्री अब सरकार कराएगी
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से लगभग 88 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास और भूमिपूजन किया। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने जो एक बड़ी घोषणा की उसके मुताबिक जिन किसानों को भू-अधिकार पट्टे दिए गए हैं, उनकी रजिस्ट्री अब सरकार कराएगी। इसके साथ ही कुलैथ क्षेत्र के लिए जगन्नाथ मंदिर तक सड़क निर्माण, मेले के दौरान यात्रियों के ठहरने हेतु भवन और युवाओं के लिए खेल मैदान विकसित करने की भी घोषणा की गई। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को चेक वितरण कर लाभान्वित किया गया।
किसान सम्मेलन में बैलगाड़ी दौड़ आकर्षण का केंद्र
किसान सम्मेलन में बैलगाड़ी दौड़ आकर्षण का केंद्र रही। वहीं उन्नत कृषि तकनीक पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी भी लगाई गई। कन्हैया गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके विजेताओं को मुख्यमंत्री ने मंच से नगद पुरस्कार देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने आयोजनकर्ता जिला पंचायत सदस्य शिवराज यादव को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बजट में किसानों के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे किसानों की आय बढ़े और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

