खोखले दावे जमीनी हकीकत कुछ और...खाद के लिए किसानों में मारा-मारी, जमकर चले लाठी डंडे
Tuesday, Aug 19, 2025-12:03 PM (IST)

सिंगरौली (अंबुज तिवारी) : सिंगरौली में भले ही जिला प्रशासन वीडियो जारी कर जिले में पर्याप्त खाद की उपलब्धता का दावा करता है। लेकिन जिले में वितरण व्यवस्था की बदहाली के कारण किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। आए दिन वितरण केंद्रों पर विवाद की स्थिति बन रही है।
बरगवां के दुधमनिया में बीते सोमवार को दो पक्षों में लाठी डंडे चले। दोनों पक्ष के किसान एक निजी दुकान पर खाद लेने के लिए पहुंचे थे। कहा सुनी होते होते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। हालांकि विवाद की शिकायत कल तक किसी ने नहीं की थी।
इधर कचनी में स्थित मार्कफेड गोदाम में किसान सोमवार तड़के 4 बजे से ही लाइन में खड़े रहे। कई घंटों तक इंतजार करने के बाद भी खाद नहीं मिल तो कुछ गुस्साए किसानों ने काउंटर पर तोड़ फोड़ शुरू कर दिया। विवाद की स्थिति देख पुलिस और अधिकारियों ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
हालांकि जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता के बाद भी किसानों को खाद के लिए इतनी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। इसकी वजह कहीं न कहीं लचर वितरण व्यवस्था ही है। किसानों का कहना है कि यदि समितियों के माध्यम से खाद मिलने लगे तो उन्हें इतना परेशान नहीं होना पड़ेगा। वितरण केंद्रों में अधिकारी कर्मचारी लाइन में लगे किसानों को सही क्रम से वितरण नहीं करते इस कारण भी किसानों को कई घंटे इंतजार करना पड़ता है, लेकिन प्रशासन वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।