भोपाल से दिल्ली तक नरोत्तम मिश्रा की सक्रियता! अब इस बड़े नेता ने की मुलाकात, अटकलों का बाजार गर्म
Thursday, Sep 10, 2026-04:22 PM (IST)
भोपाल : मध्यप्रदेश की सियासत में पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। बुधवार को भोपाल स्थित नरोत्तम मिश्रा के निवास पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश देवड़ा ने उनसे मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर खुद नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभिन्न समसामयिक विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।
आज भोपाल निवास पर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मेरे प्रिय मित्र श्री जगदीश देवड़ा जी का सप्रेम सौजन्य आगमन हुआ।
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) September 9, 2026
इस अवसर पर विभिन्न समसामयिक विषयों पर उनके साथ सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।@JagdishDevdaBJP pic.twitter.com/MLZJu2RADg
खास बात यह है कि पिछले कुछ समय से नरोत्तम मिश्रा से भाजपा के कई दिग्गज नेताओं की मुलाकातें लगातार सामने आ रही हैं। इससे उनके राजनीतिक भविष्य और संभावित नई जिम्मेदारी को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।

नरोत्तम मिश्रा से कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विजय शाह, लखन पटेल समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मुलाकात हो चुकी है। इसके अलावा मध्यप्रदेश के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं ने भी उनसे मुलाकात की है। भाजपा संगठन के महत्वपूर्ण चेहरों में शामिल अजय जामवाल से भी नरोत्तम मिश्रा की मुलाकात चर्चा में रही है।

इस बीच नरोत्तम मिश्रा का दिल्ली दौरा भी सियासी नजरिए से महत्वपूर्ण माना गया। वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात कर चुके हैं। लगातार हो रही इन मुलाकातों के बीच अब सवाल उठ रहा है कि क्या पार्टी जल्द ही नरोत्तम मिश्रा को संगठन या सरकार से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकती है?

हाल ही में ओरछा में भी नरोत्तम मिश्रा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के अन्य दिग्गज नेताओं के साथ नजर आए थे। ऐसे में भोपाल से दिल्ली और फिर ओरछा तक हुई उनकी सक्रिय राजनीतिक मौजूदगी को लेकर भाजपा के भीतर नई जिम्मेदारी की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।

हालांकि, अभी तक भाजपा की ओर से नरोत्तम मिश्रा को नई जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इसलिए फिलहाल इसे राजनीतिक अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है। लेकिन जिस तरह लगातार भाजपा के बड़े नेता उनसे मुलाकात कर रहे हैं, उसने मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों में इस सवाल को जरूर चर्चा में ला दिया है कि क्या नरोत्तम मिश्रा की भाजपा में नई भूमिका तय होने वाली है?

