शिवराज सरकार सदन में करती है बिजली बिल माफ करने की घोषणा, जबकि अधिकारी कर रहे हैं जमकर वसूली: जयवर्धन सिंह

Wednesday, Mar 23, 2022-08:22 PM (IST)

गुना (मिसबाह नूर): बिजली कंपनी की मनमानी और शिवराज सरकार की झूठी घोषणाओं पर कांग्रेस अब हमलावर होती जा रही है। गुना दौरे पर आए कांग्रेस नेता और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वह सदन में बिजली बिल माफ करने की घोषणा कर देते हैं, लेकिन बिजली कम्पनी के अधिकारी आदेश नहीं मिलने का हवाला देते हुए जमकर वसूली कर रहे हैं। यह भाजपा का असली चरित्र है। जयवर्धन यहीं रुके, उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ की तर्ज पर बुलडोजर सीएम बनाने पर भी चुटकी ली।

शिवराज ने माफिया के खिलाफ नहीं चलाया अभियान: जयवर्धन सिंह

कांग्रेस नेता ने कहा है कि शिवराज सिंह चौहान पहले भी 15 सालों तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। तब उन्होंने कभी माफिया के खिलाफ अभियान नहीं चलाया था। कमलनाथ सरकार ने अशुद्ध के खिलाफ युद्ध छेड़ते हुए इस अभियान की शुरुआत की थी। कमलनाथ ने ही बिजली बिलों को 100 रुपए प्रति 100 यूनिट किया था। यह भाजपा भूल जाती है, लेकिन जनता नहीं भूली है।

सिंधिया और उनके दलालों की हो रही है मौज: जयवर्धन सिंह

जयवर्धन ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें भाजपा के साथ सौदा करने वाला और सीधे लेनदेन के जरिए सरकार बनवाने वाला बता दिया। जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया है कि इस समय शहर से लेकर गांव तक हर आम आदमी महंगाई, भ्रष्टाचार के तले दबा है। मौज तो सिर्फ सिंधिया और उनके दलालों की हो रही है, जो पैसे कमा रहे हैं।

2023 में कांग्रेस की जीत का दावा किया 

उन्होंने शिवराज पर आम जनता के साथ शोषण करने का आरोप लगाया है। जयवर्धन सिंह ने दावा किया है कि 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, फिर जनता के भरोसा को जीतेंगी और बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। किसानों के मुद्दे पर भी जयवर्धन सिंह ने भाजपा को घेरा और सलाह दी कि वह चाहे तो कमलनाथ सरकार द्वारा शुरू की गई कर्जमाफी योजना को आगे बढ़ाकर किसानों का ऋण माफ कर सकती है। अगर भाजपा ऐसा नहीं करती है तो कांग्रेस की सरकार बनते ही बचे हुए किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Devendra Singh

Related News