लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी, जल्द खाते में आने वाले हैं इतने रुपये, इंतजार हुआ खत्म
Sunday, Jun 14, 2026-10:08 AM (IST)
भोपाल: मध्यप्रदेश की लाखों लाड़ली बहनों के लिए राहत और खुशी की खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राज्य की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना के तहत 37वीं किस्त जारी करने जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1500-1500 रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
सागर के केसली से होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम सागर जिले के केसली विकासखंड में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां सिंगल क्लिक के माध्यम से कुल 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थी महिलाओं के खातों में अंतरित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर की लाड़ली बहनों को डिजिटल माध्यम से यह राशि एक साथ भेजी जाएगी, जिससे योजना का लाभ बिना किसी देरी और बिचौलियों के सीधे हितग्राहियों तक पहुंचेगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम
लाड़ली बहना योजना मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक मानी जाती है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना के माध्यम से राज्य की गरीब, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को नियमित वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
सरकार का दावा है कि यह योजना महिलाओं के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना का लाभ मध्यप्रदेश की स्थानीय निवासी महिलाओं को दिया जाता है। लंबे इंतजार के बाद अब लाभार्थी महिलाओं के खातों में आज यह राशि पहुंचने जा रही है। सरकार के इस कदम से प्रदेश की करोड़ों महिलाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

