MP आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन! लापरवाही बरतने वाले दो अधिकारी निलंबित
Tuesday, Apr 07, 2026-12:26 PM (IST)
भोपाल (इजहार खान) : मध्य प्रदेश में आबकारी विभाग को लेकर एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। जहां गुना, अशोकनगर और बैतूल जिलों में मदिरा नीलामी में लापरवाही पूर्वक लक्ष्य पूर्ति न होने पर सख्त कदम उठाया गया।

क्या है पूरा मामला?
मध्य प्रदेश में आबकारी विभाग को वित्तीय वर्ष के लिए राजस्व संग्रह का तय लक्ष्य दिया गया था। लेकिन अशोकनगर, बैतूल और गुना जिलों में शराब दुकानों की नीलामी में अपेक्षित तेजी और प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई। इसके कारण शासन द्वारा तय राजस्व लक्ष्य की पूर्ति नहीं हो सकी, जो गंभीर लापरवाही मानी गई। उच्च स्तर पर समीक्षा के दौरान यह कमी गंभीर मानी गई। जिस कारण जिला आबकारी अधिकारियों (District Excise Officer) को निलंबित कर दिया गया।

अधिकारियों पर गिरी गाज
प्रारंभिक जांच में कार्य में लापरवाही और निगरानी की कमी सामने आई। जिसके चलते आयुक्त दीपक सक्सेना ने अशोकनगर एवं गुना के प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी गुरुप्रसाद केवट और बैतूल जिला आबकारी अधिकारी अंशुमन सिंह चिडार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इन अधिकारियों को निलंबन अवधि में मुख्यालय से अटैच किया गया है इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। राज्य सरकार ने साफ किया है कि राजस्व लक्ष्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आबकारी विभाग राज्य की आय का महत्वपूर्ण स्रोत है, इसलिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है।

