सिंहस्थ क्षेत्र में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई! अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
Monday, Sep 21, 2026-12:06 PM (IST)
उज्जैन (विशाल सिंह ठाकुर): उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियों के बीच नगर निगम ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को लालपुल ब्रिज मार्ग स्थित सिंहस्थ क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने बिना अनुमति किए गए निर्माण को पोकलेन और जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम के अनुसार, लालपुल ब्रिज मार्ग स्थित माधवानंद आश्रम द्वारा सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि पर सक्षम अनुमति के बिना निर्माण किया गया था। स्थल निरीक्षण और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर दो पोकलेन और जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि महापर्व की व्यवस्थाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

बताया गया कि यहां बिना अनुमति किसी भी तरह का स्थायी या अस्थायी निर्माण, अतिक्रमण अथवा भूमि का अनधिकृत उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगम की ओर से सिंहस्थ क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

दरअसल, सिंहस्थ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मार्ग, घाट, पार्किंग और यातायात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन के लिए अहम चुनौती है। यह कार्रवाई भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, भवन निरीक्षक राजेंद्र रावत, निगम रिमूवल गैंग और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में की गई।

