गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान बड़ी वारदात, 8 लोगों ने 2 लोगों पर रॉड, तलवार और चाकू से किया हमला, सारे आरोपी गिरफ्तार
Thursday, Oct 27, 2022-12:52 PM (IST)

रायपुर(सत्येंद्र शर्मा): राजधानी रायपुर में गौरा गौरी विसर्जन के दौरान बड़ी वारदात हो गई। जहां 8 लोगों ने मिलकर 2 लोगों पर तलवार और चाकू से हमला कर दिया जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोपियों ने भारी भीड़ के सामने वारदात को अंजाम दिया और भाग गए थे लेकिन अब पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक तेलीबांधा इलाके के श्याम नगर दुर्गा मंदिर के पास मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात को करीब 2:00 बजे गौरा गौरी विसर्जन किया जा रहा था। यहां काफी भीड़ मौजूद थी। विसर्जन को देखने श्यामनगर रहने वाले हिमांशु नेहाल और निखिल यादव भी पहुंचे थे। उनके साथ लोकेश विश्वकर्मा नाम का युवक भी मौजूद था। सभी मिलकर विसर्जन देख रहे थे। उसी दौरान एक्टिवा और बाइक से 8 लोग पहुंचे इसके बाद सभी ने हथियार निकाल लिए और हिमांशु निखिल पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए फिर किसी तरह से दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुराने विवाद को लेकर वारदात
इधर लोकेश ने बुधवार सुबह पूरे मामले में पुलिस से शिकायत की और पुलिस को बताया कि पुराने विवाद को लेकर यह पूरी वारदात हुई। लोकेश ने सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश की और सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों में एक नाबालिग भी है
पुलिस ने इस केस में लक्ष्मी सोनी, प्रदीप पांडे, तीरथ सोना, दिनेश, प्रहलाद, बाल गोविंद, सोना, धर्म छतरी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा इस पूरे वारदात में एक नाबालिग आरोपी भी शामिल है। सभी आरोपी बीएसपी यूपी कॉलोनी अमलीडीह में रहने वाले हैं। सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।