Punjab Kesari MP ads

BJP के दिग्गज नेता के मर्डर का आरोपी चुनावी मैदान में! जेल से निकलकर भरा नामांकन

Monday, May 18, 2026-04:02 PM (IST)

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की राजनीति में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भाजपा नेता की हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी ने उसी सीट से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल कर दिया, जो हत्या के बाद खाली हुई थी।

पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र की बिझरा सीट पर सोमवार को उस समय हर कोई हैरान रह गया, जब बिलासपुर जेल से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच हत्या का आरोपी मुस्ताक अहमद नामांकन भरने पहुंचा। हथकड़ियों में पुलिस जवानों से घिरे मुस्ताक ने जनपद सदस्य पद के लिए अपना पर्चा दाखिल किया।

दरअसल, 23 दिसंबर को ग्राम केशलपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उन पर कुल्हाड़ी और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। पुलिस जांच में राजनीतिक रंजिश की बात सामने आई और मामले में मुस्ताक अहमद को मुख्य आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया। तभी से वह जेल में बंद है।

अक्षय गर्ग की मौत के बाद बिझरा जनपद पंचायत सीट खाली हो गई थी, जिस पर अब उपचुनाव हो रहे हैं। लेकिन नामांकन के आखिरी दिन आरोपी के चुनावी मैदान में उतरने से पूरे इलाके में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस घटनाक्रम के बाद बिझरा और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। प्रशासन ने हालात को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News