कान्हा में ‘जंगल की रानी’ की रहस्यमयी मौत: T-122 बाघिन मिली मृत, बढ़ते खतरे ने खड़े किए बड़े सवाल
Sunday, Apr 05, 2026-08:10 PM (IST)
मंडला (अरविंद सोनी): मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां एक मादा बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, कान्हा रेंज की कनहरी बीट में गश्त के दौरान वन अमले को बाघिन का शव मिला। बाद में उसकी पहचान T-122 के रूप में हुई, जिसकी उम्र लगभग 10 वर्ष बताई जा रही है। इस मामले पर रवींद्र त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रोटोकॉल के तहत जांच शुरू कर दी गई है। सच्चाई का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है। प्राथमिक जांच में बाघिन के शरीर पर गहरे घाव और खरोंच के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत आपसी संघर्ष के कारण हुई हो सकती है। हालांकि जांच में उसके सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार या अवैध गतिविधि की संभावना से फिलहाल इनकार किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम के बाद बाघिन का अंतिम संस्कार नियमानुसार कर दिया गया है। लेकिन लगातार हो रही बाघों की मौतों ने वन्यजीव संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कान्हा के जंगल बाघों के लिए सुरक्षित रह गए हैं, या फिर यह घटनाएं किसी बड़े खतरे की ओर इशारा कर रही हैं।

