BJP विधायक प्रीतम लोधी का बड़ा बयान: मैं नशे में पीएचडी हूं, मंच से सीएम पद को लेकर भी की मांग
Tuesday, Apr 28, 2026-07:06 PM (IST)
भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित राजा हिरदेशाह लोधी शौर्य यात्रा 2026 के दौरान भाजपा विधायक प्रीतम लोधी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में आ गए। मंच से दिए गए उनके बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। कार्यक्रम में बोलते हुए प्रीतम लोधी ने नशे को लेकर अपना निजी अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने जीवन के एक दौर में शराब का सेवन किया और बाद में उससे बाहर निकलने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा, मैं नशे में पीएचडी हूं, नशे का ज्ञानी हूं।
पहले मैं बहुत पीता था, लेकिन एक घटना के बाद मैंने शराब छोड़ दी और आज लोगों से अपील करता हूं कि नशे से दूर रहें।” इसी दौरान उन्होंने मंच से लोधी समाज को लेकर राजनीतिक मांग भी रख दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले समाज को प्रतिनिधित्व मिलता था, उसी तरह अब फिर से लोधी समाज से एक मुख्यमंत्री बनने की आवश्यकता है। उनके इस बयान के बाद सभा में मौजूद लोगों में चर्चा का माहौल बन गया।
लोधी ने अपने संबोधन में सामाजिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक देश, एक संविधान और एक निशान की बात होती है, तो फिर समाज को भी बराबर प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।इसके अलावा उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और कल्याण सिंह के लिए भारत रत्न की मांग भी की। उन्होंने कहा कि जब अन्य हस्तियों को यह सम्मान मिल सकता है, तो इन नेताओं को भी उनकी भूमिका और योगदान के लिए सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना चाहिए। लोधी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और उनके बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

