संजय शुक्ला बोले- भाजपा नेता शहर को बताएं कि उनके 17 पार्षदों ने निगम का बहिष्कार क्यों किया था ?
Friday, Jul 01, 2022-07:05 PM (IST)

इंदौर(सचिन बहरानी): कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने भाजपा के वरिष्ठ नेता से सवाल किया है कि वे शहर को बताएं कि आखिर ऐसा क्या हुआ था जो उनके समर्थक 17 पार्षदों ने इंदौर नगर निगम का बहिष्कार कर दिया था? यह पार्षद निगम की बैठक कार्यक्रम और निगम के कार्यालय में क्यो नहीं जाते थे? शुक्ला आज जनसंपर्क के दौरान नागरिकों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के सारे वरिष्ठ नेता अपने अनजान प्रत्याशी की पहचान बनाने में लगे हैं।
चुनाव प्रचार की कमान हाथ में संभालने वाले नेता से सीधे सवाल करते हुए शुक्ला ने कहा कि उन्हें शहर की जनता को यह बताना चाहिए कि नगर निगम की पिछली परिषद के दौरान ऐसा क्या हुआ था कि उनके समर्थक सभी 17 पार्षदों ने नगर निगम का बहिष्कार कर दिया था? यह पार्षद निगम की बैठक में नहीं जाते और इन्होंने निगम के कार्यक्रमों में भी भाग लेना बंद कर दिया था।
उन्होंने कहा कि अब जब निगम के चुनाव में उक्त नेता ने एक बार फिर अपने समर्थकों को चुनाव मैदान में उतारा है, तो उन्हें शहर की जनता को यह बताना चाहिए कि आखिर उनके पार्षदों ने पिछली परिषद में बैठकों का बहिष्कार क्यों किया? इन पार्षदों के द्वारा बहिष्कार किए जाने के कारण उनके क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं होने के लिए कौन जिम्मेदार है? शुक्ला ने भाजपा के एक वरिष्ठ नेता को याद दिलाया कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से यह कहा था कि मैं नगर निगम की तरफ पैर करके भी नहीं सोता हूं?
इस बयान को याद दिलाते हुए शुक्ला ने पूछा कि आखिर ऐसा क्या हुआ था? ऐसी कौन सी स्थिति बनी थी जो नेता जी को ऐसा कहना पड़ा था। अब चुनाव की बेला में नेताजी को शहर की जनता को यह हकीकत बता देना चाहिए।