MP के इस जिले में भारी बारिश के चलते छुट्टी का ऐलान, 21-22 अगस्त को बंद रहेंगे स्कूल
Thursday, Aug 20, 2026-09:24 PM (IST)
डेस्क: मध्य प्रदेश में भारी बारिश का सिलसिला जारी है। राज्य के कई जिलों सीधी, रीवा और छतरपुर में भारी बारिश का कहर जारी है। कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। रीवा की बात करें तो में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी भर गया है। ऐसे में प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 21- और 22 अगस्त की छुट्टी का ऐलान किया है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में बारिश से बिगड़े हालातों को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और गैरसरकारी स्कूलों में अवकाश का ऐलान किया जाता है। अवकाश के अंतर्गत शिक्षक और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर आएंगे और विद्यालयीन कार्य देखेंगे।

बता दें कि रीवा में आसमान से बरस रही आफत ने शहर की तस्वीर बदलकर रख दी है। लगातार 24 घंटे से हो रही तेज बारिश के चलते शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए हैं। कहीं लोगों के घरों में पानी घुस गया, तो कहीं दुकानों में पानी भरने से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो गया।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरूवार को राज्य के टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर और दमोह में अति भारी बारिश का अलर्ट है। दतिया, भिंड, निवाड़ी, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, कटनी, मैहर और सतना में भी भारी बारिश देखने को मिल सकती है। भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, धार, उज्जैन, देवास, रतलाम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर समेत कई जिलों में तेज या हल्की बारिश हो सकती है।

