Punjab Kesari MP ads

शहडोल में दो सगे भाइयों की मौत, बड़े भाई को बचाने पानी में कूदा छोटा भाई भी डूबा

Sunday, Aug 09, 2026-08:56 PM (IST)

शहडोल। (कैलाश लालवानी): जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। गाड़ा घाट के पास फुटबॉल खेलने गए दोनों भाई बारिश के बाद पानी से लबालब भरे एक गहरे गड्ढे की चपेट में आ गए। हादसे में बड़े भाई वारिश सिंह और छोटे भाई विवेक सिंह की जान चली गई।

बताया जा रहा है कि फुटबॉल खेलने के दौरान वारिश सिंह अचानक पानी से भरे गड्ढे में डूबने लगा। बड़े भाई को डूबता देख विवेक ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए गड्ढे में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी की गहराई और परिस्थितियां ऐसी थीं कि दोनों भाई पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में ईंट भट्टों के लिए कथित तौर पर की गई खुदाई के बाद गहरे गड्ढे खुले छोड़ दिए गए थे। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर गया, जिससे वे जानलेवा बन गए। इसी तरह खुले पड़े पानी से भरे गड्ढे ने एक ही परिवार के दो मासूम जीवन छीन लिए।

घटना की जानकारी मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर मामले में मर्ग कायम किया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News