MP के सिंगरौली में सनसनीखेज डबल मर्डर, शवों के पास मिले नारियल और कुल्हाड़ी; नरबलि एंगल से जांच
Thursday, Feb 12, 2026-10:46 AM (IST)
सिंगरौली (अंबुज तिवारी): मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र के अंतरवा गांव में डबल मर्डर का मामला सामने आया है, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की सूचना मिलते ही देवसर एसडीओपी गायत्री तिवारी और जियावन थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने अपने घर पर ही एक महिला और एक पुरुष को बुलाया था और देर रात इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। घटनास्थल पर महिला और पुरुष के शव पड़े मिले।
शवों के पास बने चबूतरे पर लगभग एक दर्जन नारियल और एक कुल्हाड़ी भी मिली है। इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात जादू-टोना या नरबलि के संदेह में की गई हो सकती है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने तीन महिलाओं को भी घायल किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

