अटकलों पर लगा विराम! आज राज्य में वापस लौटेंगे BJP प्रदेश अध्यक्ष, फिर संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी
Wednesday, Sep 23, 2026-01:48 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव दिल्ली में उपचार कराने के बाद बुधवार को वापस लौट रहे है। पार्टी से जारी संदेश के अनुसार, किरण देव दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास से रवाना होकर शाम तक रायपुर पहुंचेंगे। स्वास्थ्य लाभ के बाद उनकी वापसी के साथ ही वह प्रदेश भाजपा संगठन की जिम्मेदारी फिर से संभालेंगे। उनकी वापसी को लेकर पार्टी संगठन में तैयारियां भी की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव गत 29 जुलाई को परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी इनोवा आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। हादसे में देव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए दिल्ली ले जाया गया, जहां मेदांता अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद से वह दिल्ली में ही उपचार और स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।
उपचार के दौरान दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने देव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। देव की छत्तीसगढ़ वापसी के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को बदले जाने को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लगने की संभावना है।

